शुक्रवार को Share Market में सेंसेक्स की 30 में से 22 कंपनियों के शेयर लाल निशान में और बाकी की 8 कंपनियों के शेयर हरे निशान में बंद हुए। इसी तरह निफ्टी 50 की भी 50 में से 37 कंपनियों के शेयर लाल निशान में और 13 कंपनियों के शेयर हरे निशान में बंद हुए।
Share Market Closing 4th October, 2024:
अक्टूबर के पहले सप्ताह के आखिरी दिन भी शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। सितंबर माह के आखिरी शुक्रवार से ही भारतीय बाजार में गिरावट जारी है। गिरावट का आज लगातार 5वां दिन था। आज शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स 808.65 अंक टूटकर 81,688.45 अंकों पर बंद हुआ। वहीं दूसरी ओर निफ्टी 50 भी 200.25 अंक टूटकर 25,049.85 अंकों पर बंद हुआ।
गिरावट का पांचवां दिन
भारतीय बाजार में पिछले हफ्ते शुक्रवार से ही गिरावट जारी है। आज गिरावट का पांचवा दिन था। जबकि पिछले हफ्ते गुरुवार को सेंसेक्स 666.25 अंकों की तेजी के साथ 85,836.12 अंकों पर और निफ्टी 50 211.90 अंकों की बढ़त के साथ 26,216.05 अंकों के नए रिकॉर्ड लेवल पर बंद हुआ था। यानी पिछले हफ्ते गुरुवार के बाद से अभी तक सेंसेक्स में 4147.67 और निफ्टी में 1166.20 अंकों की गिरावट दर्ज की जा चुकी है।
ऐसे में कह सकते है कि भारतीय बाजार के लिए ये हफ्ता काफी बुरा बीता। इस हफ्ते सेंसेक्स में कुल 3883.40 अंकों की गिरावट दर्ज की गई तो वहीं दूसरी ओर निफ्टी 50 में इस हफ्ते कुल 1129.10 अंकों की गिरावट दर्ज की गई।