Haryana Election: हरियाणा विधानसभा चुनाव का प्रचार समाप्त हो चुका है। अब वोटिंग 5 तारीख को होगी। विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग से पहले से भाजपा को एक बड़ा झटका लगा है। हाल ही में भाजपा के टिकट पर सांसद का चुनाव लड़ने वाले अशोक तंवर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की रैली के दौरान उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा।
Haryana Election में कुछ देर पहले कर रहे थे भाजपा के लिए प्रचार
आश्चर्य की और बड़ी बात ये है कि अशोक तंवर ने गुरूवार दोपहर 1:45 बजे भाजपा उम्मीदवार की रैली में भाग लिया था और इसको लेकर उन्होंने ट्वीट भी किया था। इसके बाद अशोक तंवर कांग्रेस के कार्यक्रम में दिखाई दिए। हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने तंवर को पटका पहनाकर कांग्रेस में शामिल करवाया है।
कांग्रेस ने दी शामिल होने की जानकारी
कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया के जरिए अशोक तंवर के कांग्रेस में शामिल होने की सूचना दी। कांग्रेस का कहना है कि पार्टी ने लगातार शोषितों, वंचितों के हक़ की आवाज उठाई है और संविधान की रक्षा के लिए पूरी ईमानदारी से लड़ाई लड़ी है। हमारे इस संघर्ष और समर्पण से प्रभावित होकर BJP के वरिष्ठ नेता, पूर्व सांसद, हरियाणा में BJP की कैंपेन कमेटी के सदस्य और स्टार प्रचारक अशोक तंवर कांग्रेस में शामिल हो गए है। कांग्रेस परिवार में आपका पुनः स्वागत है, भविष्य के लिए शुभकामनाएं।”
कौन हैं अशोक तंवर?
आपको बतादें कि अशोक तंवर का कांग्रेस से काफी पुराना और गहरा नाता रहा है। साल 1999 में वह NSUI में सचिव थे और 2003 में इसके अध्यक्ष बने। साल 2009 में तंवर कांग्रेस के टिकट पर सिरसा लोकसभा सीट से सांसद बने थे। इसके बाद तंवर साल 2014 से लेकर 2019 तक हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे। लेकिन, 2019 में उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी। कांग्रेस के बाद वे तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए। जिसके बाद वर्ष 2022 में वह आम आदमी पार्टी में चले गए। आप के बाद तंवर भाजपा के साथ हो गए। तंवर ने 2024 में सिरसा सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ा, लेकिन कांग्रेस की कुमारी शैलजा ने उन्हें शिकस्त दे दी। यानि तंवर ने 5 साल में 4 पार्टियां बदली।